भिवंडी में 80 हजार रुपये का कीमत का 17 ग्राम मेफेड्रोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


बिना अनुमति ग्राहकों को पिला रहे थे तंबाकू मिश्रित हुक्का; दो पॉट, पाइप और चिलम जब्त
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान
भिवंडी के खाडीपार इलाके में अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लर पर निजामपुरा पुलिस ने छापा मारकर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब 11:10 बजे खाडीपार में समीर सर्विस सेंटर के पीछे ब्रिज के पास बिना अनुमति हुक्का पार्लर चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद निजामपुरा पुलिस ने मौके पर छापा मारा। पुलिस का आरोप है कि सज्जाद अख्तर अंसारी (22), राजकुमार मुकेश कुमार यादव (36), रईस अहमद अजगर अली अंसारी (47), गणेश गोरांगु देवनाच (42) और संजय जगदीश कुमार (35) मिलकर ग्राहकों को तंबाकू मिश्रित फ्लेवर वाला हुक्का उपलब्ध करा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1,400 रुपये कीमत के दो कांच के हुक्का पॉट, तीन रबर पाइप और मिट्टी की चिलम जब्त की। सभी पांचों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया। निजामपुरा पुलिस स्टेशन में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस हवलदार कांबले कर रहे हैं।
उधारी के पैसे मांगने पर दो दोस्तों पर हमला, एक गंभीर रूप से घायल
विवाद के बाद लकड़ी के डंडे और लोहे की रॉड से किया हमला; आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान
भिवंडी के मुर्तजा कंपाउंड इलाके में उधारी के पैसे मांगना दो दोस्तों को भारी पड़ गया। पैसों के विवाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दो दोस्तों के साथ मारपीट की। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 नवंबर की रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच चोबी तलाव इलाके में जामा मस्जिद, फारूकनिया के पास हुई। समदनगर निवासी रिजवान शाहीदनूर सय्यद (35) ने अजमेरनगर निवासी ऐजाज अली अशीमुल्लाह चौधरी (35) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, रिजवान ने जब ऐजाज से उधारी के पैसे मांगे तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ऐजाज ने गाली-गलौज करते हुए रिजवान के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश की। इस दौरान रिजवान के दोस्त शिवम ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने पहले लकड़ी के डंडे और फिर गाड़ी में रखी लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि हमलावर ने दोनों दोस्तों को जान से मारने की धमकी भी दी। भोईवाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस हवलदार दिनेश थाळेकर कर रहे हैं।

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई