सामग्री पर जाएँ
City News Mumbai
राजनीति

बाळासाहेब ठाकरे के नाम पर बने आर्ट गैलरी को बंद रखने पर मंत्री प्रताप सरनाईक का बड़ा ऐलान, हर महीने 10 लाख रुपये खुद देंगे!

शेख3 मिनट में पढ़ें

महापौर लिखकर दे चलाने में मनपा असक्षम

मीरा-भाईंदर, दि. 6 नवंबर (सिटी न्यूज़ मुंबई)

मीरा-भाईंदर में हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के नाम पर बनाए गए भव्य आर्ट गैलरी को बंद रखने के मुद्दे पर महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री तथा धाराशिव जिले के पालकमंत्री प्रताप सरनाईक ने आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने घोषणा की है कि यदि महानगरपालिका के पास आर्ट गैलरी के संचालन और रखरखाव के लिए आर्थिक व्यवस्था नहीं है, तो वे हर महीने 10 लाख रुपये अपनी जेब से देंगे।

मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि खर्च का कारण बताकर बालासाहेब ठाकरे के नाम से जुड़ी इस वास्तु को बंद रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले महीने से यह राशि सीधे महापौर निधि में जमा कराई जाएगी।

दरअसल, दिवाली की छुट्टियों में बच्चों और विद्यार्थियों को आर्ट गैलरी का लाभ मिल सके, इसके लिए मंत्री सरनाईक ने पिछली समीक्षा बैठक में महानगरपालिका को 15 दिनों तक इसे निःशुल्क शुरू रखने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने स्वयं आर्ट गैलरी का दौरा किया और वहां मौजूद विद्यार्थियों को इसका आनंद लेने का अवसर दिया। इस दौरान महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

मंत्री ने महापौर से लिखित रूप में यह बताने की मांग की कि क्या महानगरपालिका आर्थिक स्थिति के कारण इस आर्ट गैलरी का संचालन करने में असमर्थ है।

भ्रष्टाचार के आरोपों पर सत्ताधारियों को घेरा

आर्ट गैलरी के निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर इसे बंद रखने के मुद्दे पर मंत्री सरनाईक ने सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों पर खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, उन्हें इस तरह की महत्वपूर्ण परियोजना पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार कैसे मिल सकता है?

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विकास परियोजनाओं में बाधाएं पैदा करते हैं और काम पूरा होने के बाद उसका श्रेय लेने के लिए आगे आ जाते हैं। उनके अनुसार, शहर में उनके प्रयासों से लाई गई करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को लेकर राजनीतिक द्वेष के कारण विवाद खड़ा किया जा रहा है।

क्लस्टर से मेट्रो तक, विकास कार्यों के श्रेय पर विवाद

मंत्री सरनाईक ने क्लस्टर योजना, मेट्रो परियोजना, पानी की समस्या और पुरानी व खतरनाक इमारतों के पुनर्विकास का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में क्लस्टर योजना का विरोध किए जाने के कारण 178 से अधिक भूमिहीन और गरीब परिवारों को बेघर रहने की स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि शासन स्तर पर लगातार प्रयास करके मिनी क्लस्टर का अध्यादेश हासिल किया गया, लेकिन अब उसी काम का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।

'बालासाहेब के नाम की अस्मिता के लिए आर्ट गैलरी चलाकर दिखाऊंगा'

पूरे मामले पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि शहर के विकास के लिए मेहनत हम करें, परियोजनाओं के रास्ते में बाधाएं दूसरे लोग खड़ी करें और काम पूरा होने के बाद श्रेय लेने के लिए आगे आ जाएं, यह राजनीति अब मीरा-भाईंदर में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के नाम पर बनी आर्ट गैलरी को जीवित रखने और उसकी अस्मिता कायम रखने के लिए वे इसे अपने खर्च पर चलाने के लिए तैयार हैं। महापौर केवल उन्हें लिखित रूप में यह बता दें कि महानगरपालिका के पास इसके संचालन के लिए आर्थिक स्थिति नहीं है।

मंत्री सरनाईक के इस ऐलान के बाद आर्ट गैलरी के संचालन को लेकर मीरा-भाईंदर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

शेख

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई

राजनीति की और ख़बरें

सभी देखें