नरेंद्र मेहता की विधायकी और नगरसेवकों के पद रद्द करने की मांग, प्रताप सरनाईक ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को लिखा पत्र


चाकण में मर्सिडीज-बेंज की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक GLC कार का मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण
पुणे, (सिटी न्यूज़ मुंबई)
महाराष्ट्र को केवल देश का वाहन उत्पादन केंद्र ही नहीं, बल्कि भविष्य की मोबिलिटी के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनाने का राज्य सरकार का लक्ष्य है। ‘मेक इन महाराष्ट्र’ से आगे बढ़कर अब ‘इनोवेट इन महाराष्ट्र’ की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत उत्पादन के साथ-साथ अनुसंधान, इंजीनियरिंग, तकनीकी विकास और नवाचार को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही।
वे चाकण में मर्सिडीज-बेंज की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक GLC कार के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, मर्सिडीज-बेंज ग्रुप एजी के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. मार्टिन ब्रुडरम्युलर, डॉ. ओला कैलेनियस, डॉ. यॉर्ग बुर्जर, पुणे मर्सिडीज-बेंज के कार्यकारी निदेशक संतोष अय्यर सहित कंपनी के वैश्विक एवं भारतीय अधिकारी और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में वाहन उद्योग का बड़ा नेटवर्क विकसित हुआ है। देश के कुल मोटर वाहन उत्पादन में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से अधिक है। राज्य का लक्ष्य केवल वाहन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी तकनीक, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमोबाइल सॉफ्टवेयर, डिजाइन और अनुसंधान के क्षेत्र में भी वैश्विक नेतृत्व हासिल करना है।
उन्होंने मर्सिडीज-बेंज से चाकण संयंत्र के माध्यम से भारतीय बाजार के साथ एशियाई और वैश्विक बाजारों के लिए भी उत्पादन करने तथा भविष्य की बैटरी तकनीक, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और मोबिलिटी रिसर्च के लिए महाराष्ट्र को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य की इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत वर्ष 2030 तक नए वाहनों के पंजीकरण में 30 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए महामार्गों पर फास्ट चार्जिंग सुविधाएं, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और समृद्धि महामार्ग पर टिकाऊ मोबिलिटी कॉरिडोर तथा बैटरी रीसाइक्लिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य का वाहन केवल चार पहियों पर चलने वाला साधन नहीं होगा, बल्कि कंप्यूटर, ऊर्जा प्रणाली और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा एक आधुनिक मोबिलिटी प्लेटफॉर्म होगा। महाराष्ट्र इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
वैश्विक बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रस्तावित पुणे-पुरंदर हवाई अड्डा और वाढवण बंदरगाह के माध्यम से महाराष्ट्र की वैश्विक बाजारों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। बड़े बाजार, औद्योगिक नेटवर्क, कुशल इंजीनियरों और तकनीकी क्षमताओं के कारण राज्य निवेश का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक GLC वाहन को लेकर महज 36 घंटे में लगभग 650 ग्राहकों ने रुचि दिखाई है।
मर्सिडीज-बेंज का 3,200 करोड़ रुपये का निवेश
मर्सिडीज-बेंज के चाकण संयंत्र से लगभग 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है, जबकि आपूर्तिकर्ताओं और सेवा क्षेत्र सहित करीब 18 हजार लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। संयंत्र के विस्तार के बाद अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक GLC वाहन का उत्पादन शुरू होना महाराष्ट्र की औद्योगिक और तकनीकी प्रगति का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण से भविष्य की परिवहन व्यवस्था के लिए तैयार होगा पुणे – उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास में मर्सिडीज-बेंज कंपनी का पिछले तीन दशकों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इलेक्ट्रिक वाहनों का स्थानीय उत्पादन शुरू होना राज्य के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि बिजली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन तकनीक का संगम पुणे को भविष्य की परिवहन व्यवस्था के लिए तैयार कर रहा है। पुणे जिले में विश्वस्तरीय इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग और तकनीकी विकास के माध्यम से महाराष्ट्र को भविष्य के परिवहन क्षेत्र में सक्षम बनाने का स्वर्गीय अजित पवार का सपना साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक मोबिलिटी तकनीक और आर्थिक विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती है।
उपमुख्यमंत्री ने वैश्विक उद्योग समूहों से महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में जल संरक्षण, भूजल अनुसंधान और जल सुरक्षा के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पुणे की पालकमंत्री के रूप में उद्योग क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में मर्सिडीज-बेंज ग्रुप एजी के वरिष्ठ पदाधिकारियों डॉ. मार्टिन ब्रुडरम्युलर, डॉ. ओला कैलेनियस और डॉ. यॉर्ग बुर्जर ने भी अपने विचार रखे। पुणे मर्सिडीज-बेंज के कार्यकारी निदेशक संतोष अय्यर ने प्रस्तावना में कंपनी की पिछले 30 वर्षों की प्रगति का विवरण दिया और कहा कि कंपनी को राज्य सरकार का अच्छा सहयोग मिल रहा है।

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई







