सामग्री पर जाएँ
City News Mumbai
मुंबई

गायमुख से फाउंटन होटल तक 60 मीटर चौड़ी होगी सड़क, 150 करोड़ का भूमि अधिग्रहण खर्च उठाएगा MMRDA

शेख
3 मिनट में पढ़ें

मिरा-भाईंदर,(सिटी न्यूज़ मुंबई)

गायमुख से फाउंटन होटल तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। वर्तमान में 30 मीटर चौड़ी इस सड़क को अब 60 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क का कंक्रीटीकरण भी प्रस्तावित मेट्रो-10 परियोजना के साथ किया जाएगा। खास बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण पर आने वाला करीब 150 करोड़ रुपये का पूरा खर्च मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) उठाएगा।

परिवहन मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रताप सरनाईक ने इस संबंध में MMRDA कार्यालय में विशेष बैठक की। बैठक में उन्होंने गायमुख से फाउंटन होटल मार्ग के बढ़ते महत्व और भविष्य में यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क की चौड़ाई 30 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर करने तथा कंक्रीटीकरण का प्रस्ताव रखा।

MMRDA आयुक्त संजय मुखर्जी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम मेट्रो-10 परियोजना के साथ करने पर सहमति जताई।

150 करोड़ का खर्च MMRDA उठाएगा

सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह खर्च मनपा के लिए उठाना संभव नहीं था। इसलिए राधा बिनोद शर्मा ने भूमि अधिग्रहण का पूरा खर्च MMRDA द्वारा उठाए जाने की मांग की।

इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए MMRDA आयुक्त ने भूमि अधिग्रहण का पूरा खर्च प्राधिकरण द्वारा उठाने का निर्णय लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अगले सप्ताह से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

फाउंटन रोड के गड्ढों की समस्या का भी होगा समाधान

पिछले मानसून के दौरान फाउंटन रोड की हालत बेहद खराब हो गई थी। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की मरम्मत और देखभाल की जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपने के मनपा के प्रस्ताव को लेकर सत्ताधारी पक्ष में भी विवाद हुआ था।

इस मामले में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंत्रालय में बैठक कर हस्तक्षेप किया था। इसके बाद सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया गया। हालांकि, उन्होंने अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी कंक्रीटीकरण करने की मांग रखी थी।

मेट्रो-10 के साथ होगा सड़क का विकास

मेट्रो-10 परियोजना के साथ सड़क चौड़ीकरण और कंक्रीटीकरण का काम भी शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क 60 मीटर चौड़ी होने से ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, कंक्रीटीकरण से बारिश के मौसम में बार-बार होने वाली गड्ढों की समस्या पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

इसका लाभ मीरा-भाईंदर, घोड़बंदर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मिलने की उम्मीद है।

प्रताप सरनाईक ने क्या कहा?

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा, "विकास कार्य करते समय नागरिकों को केवल अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का स्थायी समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। फाउंटन रोड के गड्ढों की समस्या से लेकर गायमुख से फाउंटन होटल मार्ग को 60 मीटर चौड़ा करने तक लगातार प्रयास किए गए हैं। MMRDA द्वारा भूमि अधिग्रहण का पूरा खर्च उठाने का निर्णय और अगले सप्ताह से प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश मिलने से इस परियोजना को गति मिलेगी। मेट्रो-10 परियोजना के साथ सड़क चौड़ीकरण और कंक्रीटीकरण का काम भी पूरा हो, इसके लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।"

शेख

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई

मुंबई की और ख़बरें

सभी देखें