मिरा-भाईंदर में 40 संविदा शिक्षकों का छह महीने से वेतन बकाया, आर्थिक संकट से जूझ रहे शिक्षक



विधायक नरेंद्र मेहता की दोटूक चेतावनी – सूर्या डैम का एक कतरा पानी भी ठाणे नहीं ले जाने देंगे, जरूरत पड़ी तो जान की बाजी लगा देंगे!
मीरा-भाईंदर, दि. 18 नवंबर (सिटी न्यूज़ मुंबई)
सूर्या डैम के पानी को लेकर मीरा-भाईंदर और ठाणे के बीच विवाद अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है। मंत्री प्रताप सरनाईक और भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के बीच पानी के मुद्दे पर आमने-सामने की स्थिति बन गई है। इस राजनीतिक खींचतान के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर की जनता के पानी का भविष्य क्या होगा?
दरअसल, मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंत्रालय में एमएमआरडीए, स्टेम प्राधिकरण और जलसंपदा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में सूर्या डैम से उपलब्ध अतिरिक्त पानी को ठाणे के लिए लेने के मुद्दे पर चर्चा हुई। इसके बाद मीरा-भाईंदर की राजनीति में हलचल तेज हो गई और आज मनपा में इस मुद्दे को लेकर तीखी बयानबाजी देखने को मिली।
भाजपा महापौर डिंपल मेहता और विधायक नरेंद्र मेहता ने मंत्री सरनाईक की इस पहल पर कड़ी आपत्ति जताई। पत्रकार परिषद में विधायक नरेंद्र मेहता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सूर्या डैम का एक कतरा पानी भी ठाणे शहर के लिए नहीं लेने दिया जाएगा। चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े।
विधायक नरेंद्र मेहता ने मंत्री प्रताप सरनाईक को खुली चुनौती देते हुए कहा कि सूर्या डैम से मिलने वाला पानी केवल मीरा-भाईंदर शहर के लिए होना चाहिए। किसी अन्य महानगरपालिका या शहर को यहां का पानी नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंत्री सरनाईक इस संबंध में कोई फैसला लेते हैं तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
वहीं, मंत्री प्रताप सरनाईक का पक्ष है कि वे विधानसभा क्षेत्र 146 के विधायक हैं और सूर्या डैम से निर्धारित 218 एमएलडी पानी की आपूर्ति के बाद यदि अतिरिक्त पानी बचता है तो उस पानी को अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं।
एक तरफ मंत्री सरनाईक अतिरिक्त पानी पर अपने विधानसभा क्षेत्र का अधिकार और जरूरत बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ विधायक नरेंद्र मेहता का कहना है कि सूर्या डैम का पानी केवल मीरा-भाईंदर के लिए ही सुरक्षित रहना चाहिए।
इस पूरे विवाद के बीच देर रात मंत्री प्रताप सरनाईक ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। अब देखना होगा कि दोनों नेताओं के बीच यह विवाद किस दिशा में जाता है और सूर्या डैम के पानी को लेकर सरकार क्या फैसला लेती है।
सवाल यही है कि मंत्री और विधायक के बीच चल रही इस राजनीतिक खींचतान में कहीं मीरा-भाईंदर और ठाणे की आम जनता ही तो नहीं पिस रही है?

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई







