नरेंद्र मेहता के ऐलान के बाद कांग्रेस का पलटवार, “हर जमीन विवाद में 7/11 और नरेंद्र मेहता का नाम क्यों?” — राकेश पुरोहित
City News Mumbai••23 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
मीरा भायंदर, दि. 16 सितंबर (सिटी न्यूज़ मुंबई) भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा जमीन मालिक को जमीन वापस करने और मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र देने के साथ ही मनपा से सीसी रद्द कर राशि वापस करने की मांग के बाद अब इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश पुरोहित ने पत्रकार परिषद लेकर नरेंद्र मेहता और 7/11 को लेकर तीखा हमला बोला। पुरोहित ने सवाल उठाया कि “मीरा भायंदर शहर में जब भी जमीन विवाद सामने आता है, उसमें 7/11 और नरेंद्र मेहता का नाम क्यों आता है?”
पुरोहित ने दावा किया कि “उनकी ही पार्टी के लोग उन्हें एक्सपोज कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मीरा भायंदर शहर को 7/11 के कथित कब्जे से मुक्त करने की जरूरत है और पूरे मामले की पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने विधानसभा में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के कथित बयान का भी हवाला दिया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, आदिवासी जमीन से जुड़े एक मामले में बावनकुले ने जांच में अनियमितताओं की बात कही थी और जमीन आदिवासी परिवारों को वापस करने की कार्रवाई का उल्लेख किया था।
कांग्रेस की ओर से यह भी सवाल उठाया गया कि नरेंद्र मेहता खुद को कंपनी का केवल शेयर होल्डर बता रहे हैं, लेकिन डायरेक्टर्स बोर्ड में नहीं होने का मतलब यह नहीं कि कंपनी से उनका कोई संबंध नहीं है। पुरोहित ने कहा कि इस पूरे संबंध और जमीन के मामलों की जांच होनी चाहिए।
राकेश पुरोहित ने आगे मांग की कि 7/11 से जुड़े जमीन मामलों की जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी होना जरूरी है।
हालांकि, कांग्रेस द्वारा लगाए गए इन आरोपों को आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए; संबंधित पक्ष का जवाब सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाना जरूरी है