भिवंडी में 10.38 लाख का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की कार्रवाई, 20.967 किलो गांजा बरामद; मुख्य सप्लायर की तलाश जारी
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी में नशे के कारोबार के खिलाफ अपराध शाखा यूनिट-2 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह रोड इलाके से करीब 10.38 लाख रुपये का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से कुल 20.967 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने गांजा एक अन्य व्यक्ति से मिलने की जानकारी दी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे मामले में वांछित आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 10:25 बजे अपराध शाखा यूनिट-2 की टीम ईदगाह कब्रिस्तान के पास रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मोहम्मद अफसर मुमताज अंसारी (22) संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 20.967 किलो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 10 लाख 38 हजार 350 रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 11:15 बजे अफसर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसे यह गांजा नदीम समशेर अंसारी से मिला था। पुलिस ने नदीम को मामले में वांछित आरोपी बनाया है और उसकी तलाश में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। इस मामले में भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 388/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की है। मामले की शिकायत अपराध शाखा यूनिट-2 के पुलिस हवालदार वसंत डोंगर चौरे ने दर्ज कराई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक रामचंद्र जाधव कर रहे हैं।