नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई पर जानलेवा हमला, हाथ तोड़ा
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
अश्लील मांग का विरोध करने पर आरोपी ने की मारपीट, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी; POCSO के तहत केस
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी के नागांव इलाके में नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करना उसके भाई को भारी पड़ गया। आरोप है कि आपत्तिजनक मांग का विरोध करने पर आरोपी ने युवक के साथ मारपीट कर उसका हाथ तोड़ दिया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में शांतिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 6 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे नागांव स्थित अंसारी अपार्टमेंट के नीचे हुई। पीड़ित युवक अपने दोस्त के साथ वहां मौजूद था। इसी दौरान सामान उठाने की बात को लेकर उसकी आरोपी से बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान आरोपी ने नाबालिग के संबंध में अश्लील और आपत्तिजनक मांग रखी। युवक ने आरोपी की बात का विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बावजूद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शांतिनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 118(2), 352(3) और POCSO अधिनियम की धारा 12 के तहत गु.र.जि.क्र. 1197/2026 दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक बालू अवसरे कर रहे हैं।