वोट चोरी के खिलाफ मीरा-भायंदर कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
City News Mumbai••93 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
मीरा-भायंदर, दि. 27 सितंबर 2026 (सिटी न्यूज़ मुंबई)
मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, Form-6 में किए गए बदलाव और SIR प्रक्रिया को लेकर मीरा-भायंदर कांग्रेस ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैयद इमाम, दिप्तेश परब, जिला अध्यक्ष राकेश राजपुरोहित, गटनेता जय ठाकुर, सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष दीपक बागरी और SC/ST सेल जिला अध्यक्ष रवि खरात सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Form-6 में बदलाव पर उठाए सवाल
सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष दीपक बागरी ने Form-6 में किए गए बदलावों को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन Form-6 में अंतर क्यों है और यह बदलाव किस अनुमति के तहत किया गया।
यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है। The Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने Form-6 में SIR से संबंधित नए सवाल जोड़े जाने पर आपत्ति दर्ज की थी। दोनों ने इसे नियमों में बदलाव के बिना किए जाने पर सवाल उठाए थे।
कांग्रेस ने मांग की कि Form-6 में बदलाव से संबंधित आदेश, कानूनी आधार और पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।
SIR प्रक्रिया पर भी सवाल
कांग्रेस नेताओं ने SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर भी चुनाव आयोग से जवाब मांगा। उनका कहना है कि मतदाता सूची से जुड़े किसी भी बदलाव की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि पात्र मतदाताओं के अधिकार प्रभावित न हों।
The Indian Express ने भी Form-6 में SIR से जुड़े नए प्रावधान और निर्वाचन आयोग के भीतर इस पर दर्ज आपत्तियों की रिपोर्ट की है।
मीरा रोड स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीरा रोड स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग करते हुए नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख नारे रहे—
“वोट चोरी बंद करो!” “चुनाव आयोग जवाब दो!” “CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!”
कांग्रेस ने कहा कि मतदाता का वोट उसका लोकतांत्रिक अधिकार है और मतदाता सूची से जुड़े किसी भी बदलाव पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।