भक्ति, संस्कृति और जनसहभागिता के साथ मनाया पांच दिवसीय गणेशोत्सव
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान
भिवंडी में विद्युत वितरण फ्रेंचाइजी के रूप में वर्ष 2007 से कार्यरत टोरेंट पावर लिमिटेड के वार्षिक गणेशोत्सव ‘टोरेंटचा बाप्पा’ ने इस वर्ष 20 साल पूरे कर लिए। पांच दिवसीय इस गणेशोत्सव को भक्ति, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनसहभागिता के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं और नागरिकों ने गणेश मंडप में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए।
टोरेंट पावर के अनुसार, कंपनी ने पिछले दो दशकों में विद्युत वितरण सेवा के साथ सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों में भी भागीदारी की है। गणेशोत्सव के अलावा रमजान इफ्तार, जन्माष्टमी-दहीहांडी, रक्तदान शिविर, वृद्धाश्रमों में कार्यक्रम, आदिवासी बच्चों के लिए पोषण कार्यक्रम, नशामुक्ति जागरूकता सत्र सहित विभिन्न सामाजिक और जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने लिया हिस्सा
‘टोरेंटचा बाप्पा’ के 20वें वर्ष के आयोजन में भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के अधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने गणेश मंडप का दौरा किया। इस दौरान टोरेंट पावर के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
‘पांच मंदिर, पांच कहानियां, एक उत्सव’ रहा आकर्षण
गणेशोत्सव के दौरान कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस वर्ष ‘पांच मंदिर, पांच कहानियां, एक उत्सव’ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही। इसमें टीमों ने महाराष्ट्र के अष्टविनायक मंदिरों—वरदविनायक (महड), महागणपति (रांजणगांव), विघ्नेश्वर (ओझर), चिंतामणि (थेऊर) और गिरिजात्मज (लेण्याद्री)—की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदर्शित किया। इसके अलावा पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा निर्माण, रंगोली, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। इनमें कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। टोरेंट पावर के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से ‘टोरेंटचा बाप्पा’ के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और विविधता का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिवंडीवासियों का स्नेह और सहयोग इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है और कंपनी सामाजिक जुड़ाव को आगे भी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।