गायमुख से फाउंटन होटल तक 60 मीटर चौड़ी होगी सड़क, 150 करोड़ का भूमि अधिग्रहण खर्च उठाएगा MMRDA



मिरा-भाईंदर, (सिटी न्यूज़ मुंबई)
सूर्या बांध परियोजना से मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र को मिलने वाला 218 एमएलडी पानी इसी शहर के हिस्से का है। अगले दो महीनों में चरणबद्ध तरीके से इस पानी की आपूर्ति शुरू करने का ठोस निर्णय मुंबई स्थित MMRDA कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। यह जानकारी महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं धाराशिव जिले के पालकमंत्री तथा मीरा-भाईंदर के जनप्रतिनिधि प्रताप सरनाईक ने दी।
बैठक में MMRDA आयुक्त संजय मुखर्जी, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद शर्मा, ठाणे महानगरपालिका आयुक्त सौरभ राव सहित वन, जलसंधारण, राजस्व, पर्यावरण विभाग और MMRDA के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जनवरी के पहले सप्ताह में मिलेगा 50 से 60 एमएलडी पानी
मंत्री सरनाईक ने बताया कि 132 केवी परियोजना का काम अंतिम चरण में है और MMRDA के नियोजन के अनुसार यह काम 31 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। शहर में आठ जलकुंभ बनाए गए हैं और कुछ क्षेत्रों में आंतरिक जलवाहिनियों का काम जारी है।
सभी काम पूरे होने का इंतजार किए बिना जिन क्षेत्रों में जलवाहिनियों का कनेक्शन पूरा हो चुका है, वहां से चरणबद्ध तरीके से पानी की आपूर्ति शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
अगले सप्ताह से आंतरिक जलवाहिनियों की फ्लशिंग का काम शुरू करने के निर्देश महानगरपालिका आयुक्त को दिए गए हैं। इस प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगेगा। इसके बाद जनवरी के पहले सप्ताह में पहले चरण के तहत मीरा-भाईंदर को 50 से 60 एमएलडी पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
विपक्ष पर मंत्री सरनाईक का हमला, बोले- किसी को बलिदान देने की जरूरत नहीं
सूर्या परियोजना के पानी को लेकर कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा पत्रकार परिषद के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाते हुए मंत्री सरनाईक ने विपक्ष पर निशाना साधा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सूर्या परियोजना से सिडको क्षेत्र के गांवों की परियोजना के लिए 15 एमएलडी, वसई-विरार के लिए 170 एमएलडी और मीरा-भाईंदर के लिए पूरे 218 एमएलडी पानी को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसी को भी बलिदान देने की जरूरत नहीं है। फिल्मी डायलॉग मारकर जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए।
मंत्री सरनाईक ने कहा, "पिछले 17 वर्षों से शहर का प्रतिनिधित्व करते हुए मैंने राज्य सरकार से करोड़ों रुपये का निधि इस शहर में लाया है। जिस समय जनता ने आपको घर बैठाया था, उस समय भी मैं शहर के लिए इतना पानी लाने में सफल रहा। आगे भी मीरा-भाईंदर को उसका पूरा हक का पानी दिलाने के लिए मेरा प्रयास जारी रहेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि फ्लशिंग का निर्णय होने के बाद अब मीरा-भाईंदर के हक का पानी कोई नहीं रोक सकेगा। MMRDA, महानगरपालिका और संबंधित विभागों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा हर 15 दिन में की जाएगी और इसकी विस्तृत रिपोर्ट सीधे जनता के सामने रखी जाएगी।
मंत्री ने विश्वास जताया कि जल्द ही मीरा-भाईंदर शहर को उसके हक का पानी उपलब्ध होगा।

संस्थापक और मुख्य संपादक | सिटी न्यूज़ मुंबई







