24 साल से कायम भाईचारे की मिसाल, मस्जिद के सामने गणेश प्रतिमाओं पर बरसे फूल
City News Mumbai••0 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
हिंदुस्तानी मस्जिद के पास गणेश मंडलों ने बंद किया डीजे और गुलाल, मुस्लिम समाज ने 14 मंडलों का किया स्वागत; करीब 2 लाख लोगों ने देखा अनोखा संगम
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी ने एक बार फिर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की। शहर में 24 साल से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए हिंदुस्तानी मस्जिद के ट्रस्टियों और मुस्लिम समाज के लोगों ने गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल 14 गणेश मंडलों का फूल बरसाकर स्वागत किया। मस्जिद के सामने पहुंचते ही गणेश मंडलों ने भी डीजे, बैंड-बाजा और गुलाल पर रोक लगाकर इस परंपरा का सम्मान किया।
शाम की नमाज से ठीक पहले गणेश मंडलों की शोभायात्रा हिंदुस्तानी मस्जिद के सामने पहुंची। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने हाथों में गुलाब लेकर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच गणेश प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की। दोनों समुदायों के लोगों के इस मिलन का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक सड़क के दोनों ओर जमा रहे। इस मौके पर ठाणे के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे, डीसीपी डॉ. पवन बनसोड, हिंदुस्तानी मस्जिद के ट्रस्टी मुश्ताक मोमिन, गणेश महामंडल के अध्यक्ष मदन भोई और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। गणेश मंडलों के पदाधिकारियों का शॉल और गुलाब देकर स्वागत किया गया।
विसर्जन जुलूस में ढोल-ताशों और बैंजो की धुन पर गणेश भक्त नाचते नजर आए। ‘पुढच्या वर्षी लवकर या’ के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा।
भिवंडी शहर और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक और घरेलू मिलाकर 8 हजार से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वंजारपट्टी नाका से लोकमान्य तिलक घाट, शेलार घाट, धामनकर नाका से वराला देवी घाट, कामतघर घाट, भादवड़ घाट, नारपोली तालाब, कोनगांव और कशेली खाड़ी तक विसर्जन का सिलसिला देर रात से लेकर सुबह करीब 4:40 बजे तक चलता रहा।
गणेश प्रतिमाओं को ट्रक, टेम्पो, कार और रथों में सजाकर विसर्जन के लिए ले जाया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर महापौर नारायण चौधरी, विधायक महेश चौगुले और अन्य जनप्रतिनिधियों ने गणेश प्रतिमाओं की आरती की। इस दौरान गणेश मंडलों के अध्यक्षों का गुलदस्ता और शॉल देकर स्वागत किया गया। चौक और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए ग्रामीण और शहर पुलिस ने व्यापक बंदोबस्त किया था। जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। आयोजकों के अनुसार, पूरे जुलूस के दौरान करीब 2 लाख नागरिकों की मौजूदगी रही। विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परोपकार संस्था की ओर से करीब एक लाख पानी के पाउच वितरित किए गए। संस्था के कार्यकर्ताओं ने देर रात तक श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल लोगों को पानी उपलब्ध कराया। इसी बीच छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर दो गुटों के बीच झड़प हो गई। घटना में ऋषिकेश उर्फ राज वागल नामक युवक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।