भिवंडी में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, दो भाइयों पर केस दर्ज
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
घर में हिस्से के विवाद के बीच घटना; शांति नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: भिवंडी के गायत्रीनगर इलाके में 24 वर्षीय महिला के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर शांति नगर पुलिस ने अल्ताफ अंसारी और मैताब अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 3 बजे बाबा होटल और चिश्तिया मस्जिद के पास गायत्रीनगर इलाके में हुई। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि घर में हिस्से को लेकर विवाद के दौरान उसके भाई नासिर अंसारी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद वह शांति नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराकर घर लौट आई। महिला का आरोप है कि घर के सामने वाली गली में रहने वाले अल्ताफ अंसारी और मैताब अंसारी उसके पास आए। दोनों ने कथित तौर पर छह महीने पहले उसके पति के साथ हुई मारपीट का जिक्र करते हुए उससे विवाद किया। शिकायत के अनुसार, अल्ताफ ने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए, जबकि मैताब ने उसके हाथ पकड़ रखे थे। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर थप्पड़ों से मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर शांति नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस हवलदार वाघमोडे कर रहे हैं। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।