दहेज के लिए प्रताड़ना और स्त्रीधन रखने का आरोप, सात पर केस
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सिटी न्यूज़ मुंबई गनी खान भिवंडी: न्यू गौरीपाड़ा इलाके में एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उससे मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया गया और शादी में मिले करीब 15.5 तोले सोने के आभूषण भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए।
भोईवाड़ा पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि वह 30 दिसंबर 2014 से 29 मई 2026 तक न्यू गौरीपाड़ा स्थित ससुराल में रही। शिकायत के मुताबिक, पति से विवाद के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि पति ने उससे 60 हजार रुपये लाने को कहा। रुपये नहीं लाने पर कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल के लोग उसे ताने देते थे और तलाक देने की धमकी देते थे। शिकायत के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष से मिले करीब 15.5 तोले सोने के विभिन्न आभूषण पति और ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए।
भोईवाड़ा पुलिस ने पति अवसार अहमद असरार अहमद शेख, ससुर असरार अहमद शेख, सास अहमदी असरार अहमद शेख सहित कुल सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस हवलदार राउत कर रहे हैं।