मुख्यमंत्री सहायता निधि में 1 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय–डिंपल मेहता महापौर
City News Mumbai••66 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सूखा प्रभावित किसानों के लिए मीरा-भाईंदर मनपा का मदद का हाथ
मीरा-भाईंदर, दि. 28 सितंबर (सिटी न्यूज़ मुंबई)
महाराष्ट्र के विभिन्न तालुकों में उत्पन्न सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 1 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। इसकी जानकारी महापौर डिंपल विनोद मेहता ने सोमवार को मनपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।
सूखे के कारण राज्य के कई हिस्सों में किसान, खेत मजदूर, श्रमिक और ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक पानी की कमी, पशुओं के लिए चारा, खाद्यान्न की उपलब्धता, खेती से जुड़े आर्थिक संकट और रोजगार जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे संकट के समय अन्नदाता किसानों के साथ खड़ा होना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है, ऐसा महापौर डिंपल मेहता ने कहा।
महापौर ने बताया कि इस सहायता अभियान में मीरा-भाईंदर शहर के विभिन्न वर्गों को शामिल किया जाएगा। शहर के विकासक, उद्योगपति, सामाजिक संस्थाएं, व्यापारी, विभिन्न संगठन और नागरिक सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दें, ऐसा आह्वान किया गया है।
महापौर सहायता निधि में जमा होने वाली सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि के माध्यम से सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों तक पहुंचाई जाएगी। मीरा-भाईंदर शहर से अधिक से अधिक सहायता सूखा प्रभावित तालुकों के किसानों तक पहुंचे, इसका प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा मीरा-भाईंदर के विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, नगरसेवकों और पदाधिकारियों से भी सहायता करने का आह्वान किया जाएगा। बैठक में नगरसेवकों से अपना एक महीने का मानधन सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए देने का आह्वान करने की बात भी कही गई।
महापौर डिंपल विनोद मेहता ने कहा, “सूखा प्रभावित किसानों के साथ खड़ा होना केवल मदद करना नहीं है, बल्कि अपने अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का समय है। मीरा-भाईंदर शहर के प्रत्येक वर्ग को इस सामाजिक कार्य में सहभागी होकर सूखा प्रभावित लोगों को सहयोग देना चाहिए।”
बैठक में मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, सभागृह नेता रवि व्यास, विपक्ष की नेता आफरीन सय्यद हुसैन, गुटनेता जय ठाकुर सहित संबंधित मनपा अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर सहायता निधि के लिए बैंक खाता
खाता नंबर: 60590909581 IFSC: MAHB0001602 खाताधारक का नाम: Mira Bhayandar Mahapour Sahayata Nidhi