भिवंडी में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 21.82 लाख की ऑनलाइन ठगी
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
Google पर स्टॉक मार्केट टूल खोजने के दौरान WhatsApp ग्रुप से जुड़े युवक; ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराया
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: शांतिनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर एक युवक से 21 लाख 82 हजार 462 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों और दो मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गैबीनगर निवासी शोएब अहमद अब्दुल गनी मंसूरी (31) ने शिकायत दर्ज कराई है। वह निजी नौकरी करते हैं। शिकायत के मुताबिक, 14 जुलाई को सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने Google पर "Free AI tool for stock market India" सर्च किया था। इस दौरान एक वेबसाइट खुली, जिसके जरिए उन्हें "62 BNP Paribas Finance Discussion Room" नाम के WhatsApp ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ज्यादा मुनाफे का दिखाया लालच शिकायत में आरोप है कि WhatsApp ग्रुप से जुड़े लोगों ने ट्रेडिंग साइट पर निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। साथ ही निवेश की मूल रकम वापस करने का आश्वासन भी दिया गया। आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग समय में कुल 21,82,462 रुपये निवेश कर दिए। हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक निवेश की गई रकम और कथित मुनाफा वापस नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन ठगी का पता चला और उन्होंने शांतिनगर पुलिस से शिकायत की। दो मोबाइल नंबर जांच के घेरे में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के साथ 9870749148 और 6026960685 नंबरों के धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस बैंक खातों, लेन-देन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक दीपक बरगे कर रहे हैं।