भिवंडी में कोर्ट के आदेश पर चार मंजिला इमारत पर चला बुलडोजर
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
गंगाराम वाड़ी में मनपा की कार्रवाई, रहवासियों को पहले ही दिए गए थे नोटिस
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी के भंडारी कंपाउंड स्थित गंगाराम वाड़ी में घर नंबर 171, नारपोली-2 की जी प्लस-4 मंजिला इमारत पर महानगरपालिका ने न्यायालय के आदेश के तहत तोड़क कार्रवाई की। मनपा प्रभाग समिति क्रमांक-4 के अधिकारियों की देखरेख में की गई इस कार्रवाई को लेकर इलाके में हलचल रही। प्रभाग समिति-4 के सहायक आयुक्त अरविंद गुगरे ने बताया कि इस इमारत को लेकर याचिकाकर्ता राहुल हरिनाथ पाल ने याचिका क्रमांक 12811/2024 दाखिल की थी। न्यायालय ने 18 अगस्त को आदेश जारी करते हुए इमारत को 10 अक्टूबर तक पूरी तरह जमींदोज करने और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। गुगरे के अनुसार, मनपा ने मई और जून में भी इमारत पर हल्की तोड़क कार्रवाई की थी, ताकि वहां रहने वाले लोगों को अपना वैकल्पिक इंतजाम करने का समय मिल सके। इसके अलावा रहवासियों को नोटिस भी जारी किए गए थे। हालांकि, उनके मुताबिक, रहवासियों ने समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। सहायक आयुक्त ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए 13 अक्टूबर को इमारत पर तोड़क कार्रवाई की गई। मनपा प्रशासन की ओर से न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।