भिवंडी मनपा स्कूलों में आयुक्त का सरप्राइज इंस्पेक्शन, शिक्षा विभाग में हड़कंप
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
शिक्षकों की हाजिरी से लेकर पढ़ाई की गुणवत्ता और CRC के कामकाज की जांच, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए मनपा प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मनपा आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर पिछले सप्ताह से शहर के सभी मनपा स्कूलों में अचानक और प्रत्यक्ष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। निरीक्षण की जिम्मेदारी उपायुक्त (शिक्षण) बालकृष्ण क्षीरसागर के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग की टीम को सौंपी गई है। मनपा शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर सीआरसी (क्लस्टर रिसोर्स सेंटर) समन्वयकों के कामकाज की भी पड़ताल कर रहे हैं। इस दौरान यह देखा जा रहा है कि सीआरसी समन्वयक संबंधित स्कूलों का नियमित दौरा कर रहे हैं या नहीं और शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके का निरीक्षण किया जा रहा है या नहीं। इसके साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा में पढ़ाने के तरीके और शिक्षा की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है। विद्यार्थियों के मूल्यांकन, उनकी शैक्षणिक प्रगति के रिकॉर्ड और स्कूल के शैक्षणिक माहौल पर भी अधिकारियों की नजर है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की स्थिति भी जांची जा रही है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और अच्छी व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट आयुक्त को सौंपी जाएगी। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अधिकारी, सीआरसी समन्वयक या शिक्षक अपने कर्तव्यों में लापरवाही करता, काम में देरी करता या वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करता पाया गया, तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सेवा नियमों के तहत प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त अनमोल सागर ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक बार चलने वाला अभियान नहीं है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में ठोस सुधार आने तक स्कूलों का सरप्राइज इंस्पेक्शन जारी रहेगा। साथ ही छात्रों की प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।