मारपीट के बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा, महिला गिरफ्तार
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी। भिवंडी के भोईवाड़ा थाना क्षेत्र में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में 47 वर्षीय फल विक्रेता की मौत हो गई। आरोप है कि पैसे मांगने पहुंची महिला से विवाद के दौरान हुई मारपीट में फल विक्रेता जमीन पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान गौरीपाड़ा निवासी मोहम्मद याकूब रुस्तुम अली सिद्दीकी (47) के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान टेमघर पाड़ा निवासी लक्ष्मीबाई नाईक (56) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, याकूब पुराना ठाणा रोड पर हाथगाड़ी लगाकर फल बेचता था। उसने कारोबार के लिए लक्ष्मीबाई से कुछ रकम उधार ली थी। मंगलवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच लक्ष्मीबाई उधारी की रकम मांगने उसकी हाथगाड़ी पर पहुंची। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मारपीट में याकूब जमीन पर गिर पड़ा।
याकूब को बचाने पहुंचे पड़ोसी फल विक्रेता अब्दुल रऊफ का मोबाइल भी आरोपी महिला ने कथित रूप से छीन लिया और मौके से चली गई। आसपास के लोगों ने याकूब को रिक्शे से इंदिरा गांधी स्मृति सरकारी उपजिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर भोईवाड़ा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर जांच शुरू की और बुधवार सुबह लक्ष्मीबाई नाईक को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश किए जाने पर उसे 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जे.जे. अस्पताल भेजा है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते के मुताबिक, मारपीट और मौत के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।