प्रयागराज में एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 21 आरोपी गिरफ्तार; 139 करोड़ का मुद्देमाल जब्त
City News Mumbai••92 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
मीरा भायंदर, दि. 2 सितंबर 2026 (सिटी न्यूज़ मुंबई)मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 24 जून 2026 को नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 112 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 3.36 लाख रुपये बताई गई, बरामद की गई थी। इसके बाद मामले की गहन जांच कक्ष-4 को सौंपी गई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मुंबई, नालासोपारा, कल्याण, नेरुल, जळगांव, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में प्रयागराज के कोसड़ा कला, मांडा, तहसील मेजा क्षेत्र में एक खेत की जमीन पर शेड बनाकर एमडी तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर छापा मारकर 52 किलो 932 ग्राम एमडी, एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले MMA (Mono Methylamine), Acetone, Hydrochloric Acid और Chloroform समेत बड़ी मात्रा में रसायन और लैब उपकरण जब्त किए।
प्रेस नोट के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक कुल 69 किलो 759 ग्राम एमडी, नकद रकम, रसायन और लैब सामग्री सहित लगभग 139 करोड़ रुपये कीमत का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों का नेटवर्क एमडी के निर्माण, रसायनों व लैब सामग्री की आपूर्ति, ड्रग की तस्करी, बिक्री तथा आर्थिक लेन-देन से जुड़ा हुआ था। जांच में अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत भी सामने आए हैं।
पुलिस ने प्रयागराज स्थित एमडी ड्रग निर्माण की अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।