नशामुक्ति अभियान की सफलता के लिए समाज का सहयोग जरूरी: पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे
City News Mumbai••11 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: नशामुक्त भारत और नशामुक्त महाराष्ट्र अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। पुलिस प्रशासन अपने स्तर पर नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन समाज के सहयोग के बिना इस लड़ाई को पूरी तरह सफल बनाना मुश्किल है। यह बात ठाणे शहर के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने भिवंडी में आयोजित नशामुक्ति जनजागृति कार्यक्रम के दौरान कही। भिवंडी पुलिस उपायुक्त परिमंडल-2 की ओर से नशामुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता को 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्गों में आयोजित किया गया। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त डुंबरे ने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन का बढ़ता चलन चिंता का विषय है। नशे की वजह से कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं और आपराधिक प्रवृत्तियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ समाज, अभिभावक, शिक्षक और युवा मिलकर प्रयास करें तो नशामुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकता है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक करीब 99 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त कर कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जनजागृति भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा, विधायक महेश चौघुले, विधायक रईस शेख, महापौर नारायण चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।