भिवंडी में ब्रेक फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक, दो महीने में तीसरी घटना
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
भिनार के पास हादसा, बाल-बाल बची जान; भारी वाहनों की फिटनेस पर उठे सवाल
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: मुंबई-नाशिक महामार्ग पर भिवंडी-वडपे मार्ग में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भिनार गांव की सीमा में एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक MH 47 BU 6155 भिवंडी से वडपे होते हुए मुंबई-नाशिक महामार्ग की ओर जा रहा था। भिनार के पास अचानक ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन को संभाल नहीं सका। ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, भिनार के इसी हिस्से में पिछले दो महीनों के दौरान यह तीसरी घटना है। बार-बार भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से सड़क सुरक्षा के साथ-साथ वाहनों के रखरखाव और फिटनेस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों की नियमित जांच और फिटनेस प्रमाणपत्र की पड़ताल को लेकर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? नागरिकों ने संबंधित विभाग से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की जांच को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की है।