150 सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक चालक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
City News Mumbai••1 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
150 सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक चालक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: भिवंडी-ठाणे बायपास रोड पर ट्रक चालक की हत्या कर लूटपाट करने के मामले का कोनगांव पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। यह जानकारी भिवंडी परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड ने पत्रकार परिषद में दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार निवासी पवनकुमार काजू महतो (33) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में रमीज अब्दुल रशीद अंसारी (23) और मोहम्मद अलकैश परवेज आलम मोमीन (25) शामिल हैं। दोनों भिवंडी के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात रात करीब 2:45 बजे भिवंडी-ठाणे बायपास रोड पर टाटा आमंत्रा के पास हुई। ट्रेलर क्रमांक MH 46 BU 2110 का चालक पवनकुमार महतो ट्रक रोककर खाना खा रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसे धमकाकर पैसे लूटने की कोशिश की। चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके पास मौजूद रुपये लेकर दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के बाद कोनगांव पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड और सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगळे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मंगेश बोरसे ने पांच जांच दल गठित किए। घटनास्थल से कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस टीमों ने लगातार तीन दिनों तक भिवंडी शहर और घटनास्थल के आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंची और उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ट्रक चालक की हत्या और लूट की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, रमीज अंसारी के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है। वहीं अलकैश मोमीन के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में चोरी और स्नैचिंग सहित करीब 18 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।