15 शिकायतों के बाद रेयान इंटरप्राइजेज को मनपा की नोटिस
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
कचरा प्रबंधन में लापरवाही और कथित अनधिकृत दंड वसूली के आरोप, तीन दिन में मांगा जवाब
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी शहर में कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रही रेयान इंटरप्राइजेज, अंबरनाथ की कार्यप्रणाली को लेकर मनपा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कंपनी के खिलाफ मिली 15 शिकायतों और कामकाज की जांच में सामने आई कथित अनियमितताओं के आधार पर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कंपनी से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। मनपा के अनुसार, कंपनी को प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक, जब्ती व दंडात्मक कार्रवाई, कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना और कचरा हॉटस्पॉट व जीवीपी पॉइंट पर पर्याप्त मनुष्यबल तैनात करने की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षण में इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने का आरोप नोटिस में लगाया गया है। नोटिस में कहा गया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई और जब्ती व दंड की नियमित नोंद भी नहीं रखी गई। शहर में जीवीपी पॉइंट और कचरा हॉटस्पॉट बढ़ने के बावजूद पर्याप्त कर्मचारी तैनात नहीं किए जाने पर भी मनपा ने नाराजगी जताई है। इसके अलावा कंपनी के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से दंड वसूलने की शिकायतें मिलने का भी नोटिस में उल्लेख है। मनपा के मुताबिक, लिखित शिकायतों के साथ प्रसार माध्यमों और कॉल सेंटर के जरिए भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। दैनिक दंड वसूली, जब्ती कार्रवाई और मनपा खाते में जमा होने वाले राजस्व की समीक्षा में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। मनपा ने चेतावनी दी है कि तीन दिन में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर करार की शर्तों और लागू नियमों के तहत प्रशासनिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नोटिस सहायक आयुक्त (घनकचरा व्यवस्थापन) फैसल तातली द्वारा जारी की गई है।