जितिया व्रत पर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का सांस्कृतिक आयोजन
City News Mumbai••7 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: जितिया व्रत के पावन अवसर पर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा, भिवंडी शहर की ओर से लगातार चौथे वर्ष शनिवार को कामतघर स्थित गणपति विसर्जन घाट, मंगल भवन के समीप सांस्कृतिक एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज की महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।
भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा, भिवंडी शहर जिलाध्यक्ष मंगेश लालमनी यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक भजन-कीर्तन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी हिस्सा लिया।
वरिष्ठ नगरसेवक संतोष शेट्टी ने कहा कि वराल देवी माता उनकी कुलमाता हैं। उन्होंने कहा कि जितिया के अवसर पर माताएं अपने बच्चों की सुरक्षा, सुख और समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने माता से सभी व्रती महिलाओं की मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता हर्षल पाटील ने आयोजन के लिए मंगेश लालमनी यादव को शुभकामनाएं दीं। वहीं वरिष्ठ नगरसेवक निलेश चौधरी ने कहा कि उत्तर भारतीय और बिहारी समाज पिछले 25 वर्षों से उनके साथ जुड़ा हुआ है और इस जुड़ाव को वे कभी नहीं भूल सकते।
उत्तर भारतीय जनता पार्टी प्रकोष्ठ, महाराष्ट्र के प्रभारी आर.डी. यादव और आमदार महेश चौगुले ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। महेश चौगुले ने कहा कि भाजपा देश के विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के विकास और संरक्षण को भी महत्व देती है।
भाजपा भिवंडी शहर अध्यक्ष रवी सावंत ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज के विभिन्न त्योहारों का आयोजन मंगेश यादव लगातार भिवंडी में करते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विशाल पठारे, चिराग गुप्ता, मनोज यादव, राजेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान महिलाओं की विशेष भागीदारी रही और भजन-कीर्तन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लोगों ने आनंद लिया।