भिवंडी में दहीहंडी का रोमांच चरम पर, कपिल पाटील फाउंडेशन देगा 2.83 लाख का मुख्य इनाम
City News Mumbai••0 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
8-9 थर लगाने वाले गोविंदा पथकों के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम, दो एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: जन्माष्टमी के मौके पर भिवंडी में दहीहंडी उत्सव का रोमांच इस बार और बढ़ने वाला है। शहर के प्रमुख चौक लाखों रुपये के पुरस्कार वाली दहीहंडियों से सजने लगे हैं। कपिल पाटील फाउंडेशन की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में आयोजित दहीहंडी उत्सव में इस वर्ष 2 लाख 83 हजार रुपये का मुख्य पुरस्कार रखा गया है। खास बात यह है कि ऊंचे थर लगाने वाले गोविंदा पथकों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजकों ने विशेष इंतजाम किए हैं।
8 और 9 थर के लिए अलग जगह
कपिल पाटील फाउंडेशन के अध्यक्ष और नगरसेवक सुमित पाटील ने पत्रकार परिषद में बताया कि समन्वय युवा प्रतिष्ठान, संस्कार प्रतिष्ठान और स्व. किरण देशमुख मित्र मंडल के सहयोग से आयोजित यह दहीहंडी उत्सव इस बार 19वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पिछले वर्ष 148 गोविंदा पथकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस बार 8 और 9 थर लगाने वाले पथकों के लिए अलग स्थान की व्यवस्था की जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक गोविंदाओं की सुरक्षा के लिए दो सेफ्टी बेल्ट, दो एंबुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर तैनात रहेगी। आयोजक एडवोकेट वैभव भोईर ने बताया कि अलग-अलग थर के लिए भी पुरस्कार तय किए गए हैं। पांच थर लगाने वाले पथक को 5 हजार, छह थर के लिए 7 हजार, सात थर के लिए 10 हजार और आठ थर लगाने वाले पथक को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
महिला और आदिवासी गोविंदाओं के लिए भी पुरस्कार
दहीहंडी में महिला गोविंदा पथकों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए उनके लिए अलग ट्रॉफी और पुरस्कार राशि रखी गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले आदिवासी गोविंदा पथकों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके लिए भी विशेष पुरस्कार की घोषणा की गई है।
इन इलाकों में भी सजेगी लाखों की दहीहंडी
कपिल पाटील फाउंडेशन की दहीहंडी के अलावा भिवंडी के कई प्रमुख इलाकों में भी बड़े इनाम वाली दहीहंडियों का आयोजन किया जा रहा है। स्व. आनंद दिघे चौक में सुभाष माने के नेतृत्व में धर्मवीर प्रतिष्ठान, भादवड़ चौक में पूर्व विधायक रुपेश म्हात्रे के नेतृत्व में और राजनोली नाका में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के तालुका प्रमुख करसन ठाकरे के माऊली ग्रुप की ओर से दहीहंडी का आयोजन होगा।
इसी तरह भंडारी चौक, नारपोली में नगरसेवक यशवंत टावरे के नेतृत्व में शिवशक्ति मित्र मंडल, अंजूरफाटा में मनसे प्रदेश उपाध्यक्ष डी. के. म्हात्रे के नेतृत्व में राज मित्र मंडल और बापगांव में दयानंद चोरघे के डी. वाय. फाउंडेशन की ओर से भी दहीहंडी आयोजित की जाएगी।
लाखों रुपये के इनाम और ऊंचे थर लगाने वाले पथकों की मौजूदगी के चलते इस बार भिवंडी में दहीहंडी उत्सव के दौरान गोविंदा पथकों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है। सुरक्षा इंतजामों पर भी आयोजकों का खास जोर रहेगा।