25 साल पहले भुरजी बेचने से लेकर करोड़ों की संपत्ति तक? मंत्री सरनाईक के आर्थिक सफर पर नरेंद्र मेहता ने उठाए सवाल
City News Mumbai••72 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
मीरा-भायंदर, 7 सितंबर (सिटी न्यूज़ मुंबई) मंत्री प्रताप सरनाईक द्वारा नगररचना विभाग में लगाए गए आरोपों पर विधायक नरेंद्र मेहता ने पलटवार करते हुए कहा कि सरनाईक ने उनके खिलाफ बिना तथ्य और आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर आरोप लगाए हैं। मेहता ने कहा कि सरनाईक बार-बार आरोप लगाते हैं, लेकिन हर मामले की पूरी जानकारी उनके सामने नहीं होती। नरेंद्र मेहता ने सरनाईक के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के उनके साथ पार्टनर होने और एक ही दिन में 20 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाने की बात कही गई थी। मेहता ने सफाई देते हुए कहा कि जिस पुलिस अधिकारी का जिक्र किया जा रहा है, वह करीब 35 साल पहले पुलिस सेवा से रिटायर हो चुके थे और उसके बाद उन्होंने बिल्डिंग व्यवसाय में कदम रखा था। मेहता ने तंज कसते हुए कहा, “जब मैं हाफ पैंट में घूमता था, तब वह अधिकारी रिटायर हो चुके थे। अगर एक पुलिस अधिकारी रिटायर होने के बाद बिल्डर बन सकता है, तो इसमें गलत क्या है? मंत्री सरनाईक खुद 25 साल पहले भुरजी बेचते थे और आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं, तो एक पुलिस अधिकारी बिल्डर क्यों नहीं बन सकता?” मेहता ने आगे आरोप लगाया कि संबंधित पुलिस अधिकारी की जमीन सरनाईक को चाहिए थी। उनके मुताबिक, उसी क्षेत्र में सरनाईक ने सरकारी जमीन कथित तौर पर कम कीमत में हासिल की है और उसके बगल में उक्त पुलिस अधिकारी का प्लॉट था, जिसे उन्होंने सरनाईक को बेचने से इनकार कर दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का पक्ष भी इस दावे के संदर्भ में सामने आना बाकी है। नरेंद्र मेहता ने 7/11 के मुद्दे पर भी सफाई देते हुए कहा कि “इस पूरे मामले से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। सरनाईक बेवजह मेरा नाम 7/11 के मामले में उछाल रहे हैं।” कोर्ट की अवमानना के आरोप पर मेहता ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ था और उसी के बाद संबंधित परियोजना को ओसी और सीसी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरनाईक को मामले की पूरी जानकारी नहीं है और वे हर सप्ताह नया आरोप लगाकर सामने आते हैं। अंत में मेहता ने राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने उन्हें नकार दिया है और वे मनपा चुनाव में मिली करारी हार के सदमे से अभी तक बाहर नहीं निकल पाए हैं। इसी वजह से वे आए दिन उनके खिलाफ आरोप लगाते रहते हैं। अब सरनाईक और मेहता के बीच आरोप-प्रत्यारोप के इस सिलसिले में अगला जवाब किसका आता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।