भिवंडी में धूमधाम से मनी दहीहंडी, गोविंदाओं ने लगाए सात से नौ थर
City News Mumbai••5 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
हम शेलारकर गोविंदा पथक ने नौ थरों की सलामी देकर बनाया नया रिकॉर्ड
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी शहर में दहीहंडी उत्सव इस बार खासा जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। लाखों रुपये के इनामों ने गोविंदा पथकों का उत्साह बढ़ाया। भिवंडी के अलावा ठाणे, कल्याण, मुंबई और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में गोविंदा पथक शहर में पहुंचे। जगह-जगह डीजे, ढोल-ताशों और जयकारों के बीच गोविंदाओं ने हंडी फोड़ने के लिए थर लगाए। शहर के अलग-अलग इलाकों में गोविंदा पथकों ने सात से आठ थरों के मनोरे बनाकर सलामी दी। वहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर कपिल पाटील फाउंडेशन की ओर से आयोजित दहीहंडी उत्सव में ‘हम शेलारकर’ गोविंदा पथक ने पहली बार सफलतापूर्वक नौ थरों की सलामी देकर नया रिकॉर्ड कायम किया। श्री कृष्णा गोविंदा पथक, टेमघर पाडा और चेरोबा गोविंदा पथक, कोनगांव ने भी आठ-आठ थरों की सलामी देकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के कपिल पाटील फाउंडेशन की ओर से आयोजित दहीहंडी में गोविंदा पथकों के लिए 25 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार रखे गए थे। पुरस्कारों की आकर्षक राशि के चलते सैकड़ों गोविंदा पथकों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। दहीहंडी उत्सव को भव्य बनाने के लिए शहर में अलग-अलग आयोजकों ने राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों के साथ ही फिल्मी कलाकारों और गायकों को भी आमंत्रित किया। शिवसेना (शिंदे) के जिला प्रमुख सुभाष माने की ओर से स्वर्गीय आनंद दिघे चौक पर दहीहंडी उत्सव का आयोजन किया गया। भादवड़ नाका पर शिवसेना (शिंदे) के पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे, रांजणोली नाका पर शिवसेना (उद्धव) के तालुकाप्रमुख करसन ठाकरे और सोनाले में डी. वाय. फाउंडेशन के अध्यक्ष दयानंद चोरघे की ओर से दहीहंडी का आयोजन किया गया। भंडारी कंपाउंड में नगरसेवक यशवंत टावरे के नेतृत्व में भी भव्य दहीहंडी उत्सव आयोजित किया गया। इलाके में बड़ी संख्या में भोजपुरी भाषी नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन में भोजपुरी फिल्म कलाकारों और गायकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कलाकारों की प्रस्तुतियों और गोविंदा पथकों के जोश ने उत्सव का माहौल और भी रंगीन कर दिया।