मनपा मुख्यालय में विधायक की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उठे सवाल, शासन परिपत्र के उल्लंघन का आरोप
City News Mumbai••25 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सामाजिक कार्यकर्ता ने आयुक्त से की जांच और कार्रवाई की मांग
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी: भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका मुख्यालय के उपमहापौर दालन में भिवंडी पूर्व के विधायक रईस कासम शेख की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता परमेश्वर अंभोरे ने मनपा आयुक्त को पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अंभोरे के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को दोपहर में विधायक रईस कासम शेख ने मनपा मुख्यालय स्थित उपमहापौर कार्यालय में पत्रकार परिषद आयोजित की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान मनपा के उपायुक्त (कर एवं शिक्षा विभाग) समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। पत्रकार परिषद में शासन के विभिन्न निर्णयों और मनपा महासभा के निर्णयों के खिलाफ निवेदन किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 11 मार्च 2016 को जारी परिपत्र का हवाला देते हुए कहा है कि सांसदों और विधायकों द्वारा सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक तथा व्यक्तिगत दौरों को लेकर शासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आरोप है कि इन निर्देशों की अनदेखी करते हुए मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को ऐसे आयोजनों में बुलाया जाता है। अंभोरे ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनपा की कर प्रणाली के विरोध में बयान दिए गए, जिससे करदाताओं और नागरिकों में मनपा प्रशासन के प्रति संदेह और असंतोष पैदा करने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पत्रकार परिषद की वीडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया और विभिन्न प्रसार माध्यमों पर प्रसारित की गई। सामाजिक कार्यकर्ता ने मनपा आयुक्त से मांग की है कि 31 अगस्त को उपमहापौर के दालन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की पूरी जांच कराई जाए। यदि आयोजन शासन के नियमों और परिपत्रों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रतियां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को भी भेजी गई हैं।