ध्वनि प्रदूषण के नियम तोड़े तो गणेश मंडलों और डीजे संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
अपर पुलिस आयुक्त अशोक दुधे की चेतावनी, धामणकर नाका मित्र मंडल ने जीता प्रथम पुरस्कार
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान भिवंडी। गणेशोत्सव के दौरान उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन कर ध्वनि प्रदूषण करने वाले गणेशोत्सव मंडलों और डीजे संचालकों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। नियम तोड़ने वाले मंडलों पर मामला दर्ज किया जाएगा, जबकि डीजे संचालकों के उपकरण जब्त कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी ठाणे के अपर पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने दी।
ठाणे पुलिस आयुक्तालय के मार्गदर्शन में बुधवार को अंजुरफाटा स्थित ओसवाल महाविद्यालय सभागार में पर्यावरणपूरक और नियमों का पालन करते हुए गणेशोत्सव मनाने वाले सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान दुधे ने गणेश मंडलों और भक्तों से उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने की अपील की।
दुधे ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करना सभी गणेश मंडलों की जिम्मेदारी है। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर डीजे उपकरण जब्त करने के साथ संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के प्रति किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पिछले वर्ष आयोजित पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव प्रतियोगिता में शहर के 43 सार्वजनिक गणेश मंडलों ने हिस्सा लिया था। इसमें धामणकर नाका मित्र मंडल ने प्रथम स्थान हासिल कर चलित ढाल और प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। मंडल के कार्याध्यक्ष नगरसेवक राजेश शेट्टी और पदाधिकारियों ने अशोक दुधे के हाथों पुरस्कार स्वीकार किया।
संयुक्त मित्र मंडल, गौरीपाड़ा और श्री गणेश मित्र मंडल ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं स्व. पंडित नाना मित्र मंडल, चंदनबाग और स्वामी समर्थ सेवा समिति गणेशोत्सव मंडल को संयुक्त रूप से तीसरा पुरस्कार दिया गया। खोणी के युवा मित्र मंडल को विशेष उल्लेखनीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पुलिस थाना स्तर पर भी विभिन्न गणेश मंडलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में भिवंडी मनपा महापौर नारायण चौधरी, विधायक महेश चौघुले, मनपा आयुक्त अनमोल सागर, सार्वजनिक गणेशोत्सव महामंडल अध्यक्ष मदन भोई, पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड, शांति समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में गणेश भक्त मौजूद रहे।