भिवंडी में चोरी की दो वारदातें, SIR के स्कैनर से महिला के सोने के कड़े तक पर हाथ साफ
City News Mumbai••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
सिटी न्यूज़ मुंबई/गनी खान
भिवंडी शहर में चोरी की दो अलग-अलग वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में चुनावी काम के लिए रखे गए दो स्कैनर चोरी हो गए, जबकि दूसरे मामले में भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के हाथ से करीब 60 हजार रुपये का सोने का कड़ा उड़ा लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, वरहालदेवी मंगलमाता भवन हॉल में SIR कार्यक्रम के लिए ठाणे जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से दो HP ScanJet Pro स्कैनर रखे गए थे। शिकायतकर्ता ने 31 अगस्त की शाम करीब 6 बजे दोनों स्कैनर कमरे में रखे थे। आरोप है कि कमरे का दरवाजा खुला रह गया और इसी दौरान अज्ञात चोर दोनों स्कैनर लेकर फरार हो गया।
चोरी गए स्कैनरों की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। भिवंडी शहर पुलिस ने BNS की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच हवलदार सचिन हांडे कर रहे हैं।
दूसरी वारदात तीनबत्ती स्थित साईबाबा मार्केट में 8 सितंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, भीड़ के बीच अज्ञात चोर ने एक महिला के दाहिने हाथ से सोने का कड़ा निकाल लिया।
कड़े पर गणपति की आकृति बनी हुई थी। उसका वजन करीब 13.910 ग्राम और कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। घटना की शिकायत मिलने के बाद निजामपुरा पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत गुन्हा रजिस्टर नंबर 867/2026 में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक गोगावले कर रहे हैं।